संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला पुलिस व आरपीएफ के जवानों ने धारूहेड़ा क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर लोगों से बेखौफ होकर मतदान करने की अपील की।
धारूहेड़ा क्षेत्र में फ्लैग मार्च बस स्टैंड से शुरू होकर कापड़ीवास, भिवाड़ी मोड़, सोहना रोड, भगत सिंह चौक, नंदरामपुर बास रोड, विपुल गार्डन, कमला कॉलोनी, खरखड़ा, राजपुरा एरिया में निकाला गया। एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि 5 अक्तूबर को प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने निश्चित हुए हैं। जिले में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस टीमों ने धारूहेड़ा क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।
उन्होंने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य अराजक तत्वों में भय व्याप्त करना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना है, ताकि वे निर्भीक होकर अपना मतदान कर सके। फ्लैग मार्च दौरान पुलिस ने लोगों को बिना किसी डर भय के चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। फ्लैग मार्च के दौरान आम जन से यह भी ही अपील की गई है कि मतदान के दौरान अगर कोई व्यक्ति उन्हें प्रभावित करें तो तुरंत उसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।