पुलिस लाइन स्थित साइबर क्राइम थाने का रिबन काटकर शुभारंभ करते आईजी विकास अरोड़ा।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। तेजी के साथ बढ़ते साइबर ठगी के मामलों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए साउथ रेंज रेवाड़ी की पुलिस लाइन में बुधवार को साइबर थाने की शुुभारंभ की गई। रेंज के आईजी विकास अरोड़ा ने थाने का उद्घाटन किया।
आईजी विकास अरोड़ा ने कहा कि यह थाना खुलने से चारों जिलों में साइबर अपराध पर अंकुश लग सकेगा। इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी के मामलों को भी जल्द से जल्द ट्रेस किया जा सकता है। बता दें कि पुलिस लाइन में बनाए गए इस थाना में साइबर ठगी से संबंधित रेवाड़ी, पलवल, नूहं व महेंद्रगढ़ जिले के लोग ठगी से संबंधित शिकायतें ऑनलाइन भी करा सकेंगे। थाना में साइबर सेल से संबंधित सभी उपकरण भी उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वर्तमान में प्रदेश में पंचकूला व गुरुग्राम में अलग-अलग दो साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन हैं। साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों की संख्या, प्रकृति और जटिलता को देखते हुए इन शिकायतों के निपटान के लिए पुलिस कमिश्नरेट और रेंज स्तर पर साइबर क्राइम थानों की आवश्यकता होने पर सरकार ने प्रदेश में और साइबर थाने खोलने की घोषणा की थी। सरकार ने 6 साइबर थाना खोलने की मंजूरी दी है। इनमें फरीदाबाद, साउथ रेंज रेवाड़ी, रोहतक रेंज, हिसार रेंज, करनाल रेंज व अंबाला रेंज शामिल हैं। साऊथ रेंज रेवाड़ी में रेवाड़ी के अतिरिक्त पलवल, नूंह व महेंद्रगढ़ से भी प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती की जाएगी।
ये करेेंगे सुपरविजन
डीएसपी अमित भाटिया को थाना के प्रथम सुपरविजन और एसपी अभिषेक जोरवाल दूसरे सुपरविजन ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। साथ ही इंस्पेक्टर ऋषिकांत को थाना का पहला प्रभारी नियुक्त किया गया है। थाना में इंस्पेक्टर के अतिरिक्त 16 प्रशिक्षित पुलिस कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। इस मौके पर रेवाड़ी एसपी अभिषेक जोरवाल, महेंद्रगढ़ एसपी चंद्रमोहन, नूंह एसपी नरेंद्र बिजारनीया व पलवल एसपी दीपक गहलावत व डीएसपी मोहम्मद जमाल खान सहित विभिन्न पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।