रेवाड़ी। जिले में अवैध रूप से खुले में शराब पिलाने वाले अहातों पर पुलिस की कार्रवाई जा रही। शुक्रवार को सदर व बावल थाना पुलिस ने दो होटल पर छापे मार कर अहाता संचालक सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस व सीएम फ्लाइंग की ओर से पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से संचालित अहातों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बावल पुलिस को सूचना मिली कि झाबुआ रोड पर शराब के ठेका के साथ एक होटल संचालक ने अवैध रूप से अहाता खोला हुआ है, जहां शराब परोसी जा रही है। सूचना के बाद बावल थाना पुलिस ने अहाते पर छापा मारा की तो वहां होटल मालिक झाबुआ निवासी चरण सिंह ग्राहकों को शराब पिलाते हुए पकड़ा। यहां पर टेबल पर शराब से भरे गिलास मिले। पुलिस ने शराब पीने वाले बल्लूराम, जीतराम, देशराज को पकड़ा। पुलिस ने होटल मालिक चरण सिंह सहित शराब पीने वाले तीनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं दूसरी तरफ सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बिहारीपुर में फन एंड फूड नाम से होटल खुला हुआ है। होटल मालिक सज्जन सिंह इसे अहाते के रूप में प्रयोग कर रहा है, जहां लोगों को शराब पिलाई जाती है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने होटल पर रेड की तो वहां होटल मालिक सज्जन सिंह के अलावा शराब पीने वाले रवि, मंजूप्रकाश, पंकज, विकास, गुलशन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सिर्फ पांच अहातों को मिली है मंजूरी
बता दें कि जिले में मात्र पांच अहाते आबकारी विभाग की ओर से मान्यता लेने के बाद संचालित है, लेकिन 100 से ज्यादा अवैध अहाते खुले हुए हैं। पिछले महीने फरवरी में सीएम फ्लाइंग की टीम ने आबकारी विभाग के साथ मिलकर ऐसे अहातों को चिह्नित कर उन पर छापेमारी की थी। इसके बाद लोकल पुलिस ने भी अब अवैध रूप से संचालित अहातों पर कार्रवाई शुरू कर दी। जिससे अवैध रूप से शराब पिलाने वाले होटल व अहाता संचालकों पर हड़कंप मचा हुआ है।