रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए जांच करती पुलिस टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। पुलिस की टीमों ने रविवार को कोसली और रामपुरा क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से रहने वाले रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की तलाश में विशेष सर्च अभियान चलाया। इस दौरान ईंट भट्ठों, झुग्गी–झोपड़ियों, होटल, पोल्ट्री फार्म में जांच की।
पुलिस टीम ने बाहरी श्रमिकों की जानकारी ली और उनके पहचान पत्र भी जांचे। अभियान के तहत पुलिस ने बाहरी लोगों की पहचान की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। इसके साथ ही पुलिस ने वाहनों के कागजातों की भी जांच की।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि अनाधिकृत रूप से किसी को भी रहने की छूट नहीं है। जिला पुलिस बाहरी लोगों की पहचान के लिए विशेष अभियान चला रही है।
जिले में बाहर से आकर रहने वाले लोगों की पहचान आवश्यक है। सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाए जा रहे हैं। सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अप्रवासी रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान करके उनको वापिस भेजने की प्रक्रिया अमल में लाई जाए।