रेवाड़ी। पुलिस की ओर से सोमवार को श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के सभी थाना, चौकियों और पुलिस लाइन परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वयं सफाई की। महिला पुलिस कर्मचारियों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन के मैदान और पार्क सहित थाना व चौकी परिसरों में सफाई करते हुए कूड़ा-कचरा एकत्रित किया। सभी प्रभारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान में भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। श्रमदान स्वेच्छा से किया जाने वाला कार्य है, जिसमें सभी को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। स्वच्छ वातावरण का व्यक्ति की मानसिक और शारीरिक स्थिति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।