पेट्रोलिंग करती पुलिस टीम। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। नगर निकाय और पंचायती राज उप चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को फ्लैग मार्च किया। इस दौरान लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशन में शुक्रवार शाम शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका नेतृत्व डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने किया।
फ्लैग मार्च में थाना शहर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, थाना रामपुरा प्रभारी पीएसआई संजय, विभिन्न चौकी इंचार्जों सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। मार्च के दौरान पुलिस टीम ने आमजन से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च नाई वाली चौक से शुरू होकर अग्रसेन चौक, बस स्टैंड, अंबेडकर चौक, धारूहेड़ा चुंगी, झज्जर चौक, रेलवे चौक, कंकरवाली और थाना रामपुरा क्षेत्र तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस जवानों की मौजूदगी से शहर में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव करवाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने, लोगों में भय पैदा करने या आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।