रेवाड़ी। जिला पुलिस व आरपीएफ के जवानों ने वीरवार को शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए कसौला क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इसका नेतृत्व प्रबंधक थाना कसौला शिव दर्शन ने किया। इस दौरान लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की गई।
गांव पातुहेड़ा से शुरू हुआ फ्लैग मार्च गांव सुठाना, सुठानी व बावल औद्योगिक क्षेत्र से होकर गुजरा। पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने कहा कि निष्पक्ष व स्वतंत्र चुनाव करवाना पुलिस की प्राथमिकता है। शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पुलिस प्रशासन तैयार है। चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी व लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम रहेंगे।