थाना जाटूसाना क्षेत्र के गांव दखोरा में विवाहिता की मौत हो गई। आरोप है कि सास ने बहू को जहर खिलाया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विवाहिता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। आरोपी सास की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गांव सिहोर निवासी मुसद्दी लाल ने अपनी दो पुत्रियों की शादी आठ साल पहले गांव दखोरा निवासी सतबीर के दो बेटे अनिल और सुधीर से की थी। बताया गया है कि उसने शादी में खूब दान- दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बेटियों को सास कृष्णा परेशान करती थी। पुलिस को दी शिकायत में मुसद्दी लाल ने बताया कि 30 अप्रैल की रात को उसकी बेटी किरण को जहर दे दिया और जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो उसे रेवाड़ी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
थाना पुलिस ने किरण के पिता मुसद्दी लाल की शिकायत पर सास कृष्णा पत्नी सतबीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। किरण के एक पांच साल का बेटा भी है और उसका ससुर राजस्थान में शिक्षक के पद पर कार्यरत है।
आरोपी महिला कृष्णा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। कृष्णा की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
-सुमित कुमार, थाना प्रभारी, जाटूसाना