हिंदी विभाग में पीएचडी के नए शैक्षणिक सत्र की शुरूआत में पहुंचे विद्यार्थी व प्रोफेसर। स्रोत :
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में पीएचडी के नए शैक्षणिक सत्र 2026 की शुरुआत की गई। पारंपरिक स्वागत समारोह के साथ विभाग के प्राध्यापकों और छात्रों ने मिलकर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू पुरी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं बल्कि छात्रों को एक जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। पौधों के साथ नए सत्र की शुरुआत कर हम बच्चों को प्रकृति से जुड़ने का संदेश दे रहे हैं।
कार्यक्रम में छात्रों ने एक छात्र, एक पौधा अभियान के अन्तर्गत पौधों को मित्र मानकर पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। शिक्षकों के अनुसार यह पहल छात्रों को अनुशासन और प्रकृति के प्रति प्रेम सिखाने के लिए की गई है। छात्र सोमबीर ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि मुझे खुशी है कि मेरे साथ मेरा लगाया पौधा भी बड़ा होगा।