नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते विद्यार्थी। स्रोत
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की ओर से नेशनल टास्क फोर्स के सहयोग से विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के लिए संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में परिवार, मित्रों, शिक्षकों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सहयोग लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में व्याप्त झिझक और गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया गया।
कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह और अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. सुनील कुमार ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुलसचिव ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं के बीच मानसिक स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों को लेकर जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में संवेदनशील और सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. मंजु पुरी ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और कहा कि ऐसी गतिविधियां युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के संचालन में नेशनल टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार, डॉ. सतीश कुमार और रोहित कुमार ने सहयोग किया। इस दौरान रिसर्च स्कॉलर भूमिका व पारुल सहित मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थी मौजूद रहे।