रोहतक-रेवाड़ी हाईवे नंबर 71 स्थित गांव पाल्हावास के समीप एक पेट्रोल पंप पर रविवार सुबह कार में सवार होकर आए चार बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर सेल्समैन से करीब 30 हजार की नकदी लूट पर फरार हो गए। शोर मचाने के बाद बदमाश कार में सवार होकर झज्जर की ओर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। लूटपाट की घटना पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार रोहतक-रेवाड़ी हाईवे नंबर 71 पर स्थित गांव पाल्हावास के समीप गांव निवासी मीनाक्षी ने ओम फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप खोला हुआ है। रविवार की सुबह करीब 7 बजे एक सफेद रंग की बिना नंबर की कार आकर रुकी तथा कार चालक ने 11 सौ रुपये का पेट्रोल डलवाकर दो हजार रुपये का नोट दे दिया। इस दौरान सेल्समैन विजय बाकी रुपये वापस देने लगा तो कार में सवार चार बदमाशों ने उस पर पिस्तौल तान दी तथा उसके पास से 29 हजार चार सौ रुपये लूट लिए। सेल्समैन द्वारा शोर मचाने पर चारों बदमाश कार में कार में सवार होकर झज्जर की ओर भाग गए। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी तथा बदमाशों की धरपकड़ के लिए हाईवे पर नाकाबंदी कर दी, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पाल्हावास निवासी सेल्समैन विजय सिंह की शिकायत के बाद रोहडाई थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले में बेखौफ बदमाश, दे रहे वारदातों को अंजाम
कोरोना के खौफ के बीच जिले में बदमाश बेखौफ हे। बदमाशों को न तो पुलिस का डर है और न ही कोरोना संक्रमण का डर सता रहा है। यहीं कारण है कि बदमाश आए दिन जिले में लूटपाट, छीना-झपटी व मारपीट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में बदमाशों द्वारा दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कार में लिफ्ट देने के बाद बंधक बनाकर लूटपाट की 4 वारदात को अंजाम दिया जा चुका है।
पुलिस का दावा रातभर गश्त, फिर भी खाली हाथ
पुलिस अधिकारियों की माने तो कोरोना संक्रमण के बावजूद भी लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा रातभर गश्त की जा रही है। शहर के हाईवे, मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों व संदिग्ध स्थानों पर पुलिस की ओर से लगातार जांच के साथ गश्त की जाता है। इसके बाद भी बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे है तथा पुलिस के हाथ बदमाशों के गिरेबां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। नाकाबंदी की गई, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी हे। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को काबू कर लिया जाएगा।
मनोज कुमार, एसएचओ रोहड़ाई