कोसली। कोसली क्षेत्र के गांव भड़ंगी में राष्ट्रीय पक्षी मोर के मरने का सिलसिला लगातार जारी है। गांव में लगा ट्रांसफार्मर नहीं हटाया गया है, जिससे आए दिन करंट लगने से कई मोरों की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों ने वन विभाग के आला अधिकारियों को भी शिकायत भेजकर बणी के पास लगे ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की है।गांव के युवा समाजसेवी अमित कुमार, पूर्व पंच सुरेन्द्र ने बताया कि उनके गांव में पंचायत द्वारा छोड़ी गई पशु चरागाह है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर विचरण करते हैं, लेकिन कुछ साल पहले विद्युत निगम द्वारा गांव की बणी के पास एक ट्रांसफार्मर लगा दिया गया, जहां आए दिन मोर बैठते हैं और करंट लगने से उनकी मौत हो रही है। उन्होंने बताया कि हर साल दर्जनों मोरों की मौत इस ट्रांसफार्मर से हो रही है, जिसको हटाने के लिए कई बार निगम को पत्र लिखा जा चुका है लेकिन निगम अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वन विभाग को भेजी शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही करंट लगने से राष्ट्रीय पक्षी मोरों की मौत को लेकर वन विभाग को लिखित शिकायत भेज कर मांग की है कि बणी के पास लगाए निगम के ट्रांसफार्मर को लगाने के लिए पर्याप्त जगह है। इसको यहां से हटाकर दो सो फिट पीछे लगाया जाए।
मामला संज्ञान में नहीं है कि स्कूल के पास रखे ट्रांसफार्मर से मोरों की मौत हो रही है। इसके लिए जो भी समाधान होगा किया जाएगा।
-महेंद्र सिंह, जेई, बिजली निगम