सरकुलर रोड पर स्कूल के अंदर बिना मास्क के सोशल डिस्टेंसिंग को दरकिनार करते लोग
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। शहर के एक निजी स्कूल में बुधवार को बवाल हो गया है। स्कूल की ओर से अभिभावकों को मैसेज भेजकर कहा गया कि अकाउंट ऑफिस सुबह 10 बजे से लेकर साढ़े 12 बजे तक खुलेगा। ऐसे में कोई भी अभिभावक फीस संबंधी जानकारी ले सकता है। सूचना पर बुधवार को अनेक अभिभावक स्कूल पहुंच गए। इस दौरान स्कूल में सोशल डिस्टेंसिंग कहीं दूर तक नहीं दिखाई दी। इतना ही नहीं अभिभावकों ने यहां पर स्कूल प्रबंधन पर एक माह की ट्यूशन फीस के अलावा अन्य मदों में भी राशि जमा कराने का दवाब बनाने का आरोप लगाया। इस दौरान स्कूल में कुछ अभिभावकों की ओर से रोष भी प्रकट किया गया। लेकिन इस बीच सबसे बड़ा सवाल है कि लॉकडाउन के दौरान केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन की ओर से लगातार सोशल डिस्टेंसिंग व ऑनलाइन फीस आदि जमा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके स्कूल प्रबंधन की ओर से अकाउंट ऑफिस खुलने की सूचना अभिभावकों तक क्यों पहुंचाई। फोन पर भी ऐसा किया जा सकता था। स्कूल बुलाए भी थे यहां पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूरी था।
स्कूलों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो जाएंगे कोर्ट
मिशन एजुकेशन के नाम से संस्था चलाने वाले एडवोकेट कैलाश चंद ने कहा कि वीरवार को अनेक अभिभावकों की ओर से इस तरह की शिकायत मिली है। एडवोकेट ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी लिखित शिकायत की बात कर रहे हैं। जबकि लॉकडाउन के दौरान अभिभावकों को बाहर निकलने की अनुमति नहीं मिल रही है। ऐसे में अभिभावक परेशान हैं। यदि सुधार नहीं हुआ तो कोर्ट जाएंगे।