रेवाड़ी के राजीव चौक के पास हड़ताल पर बैठे पटवारी। संवाद
रेवाड़ी। द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर रेवाड़ी के पटवारी और कानूनगो जिला सचिवालय के पास सोमवार को धरने पर बैठे। पटवारियों और कानूनगो को क्लेरिकल एसोसिएशन के जिला प्रधान विकास यादव, सिंचाई विभाग से प्रधान पवन यादव, सचिव रवि यादव, राजेंद्र सिंह एडवोकेट व अन्य सामाजिक संगठनों ने समर्थन दिया।
यूनियन के सदस्यों ने कहा कि जो नया वेतनमान सरकार ने 32100 लागू किया है, यह 1 जनवरी 2016 से नोशनली व जनवरी 2023 से वास्तविक रूप से लागू किया जाए। पिछले साल मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वेतनमान बढ़ाने का जो वादा किया था उसको पूर्ण रूप से अमलीजामा नहीं पहनाया गया। इससे प्रदेश के पटवारी एवं कानूनगो में रोष है। वे सरकार से मांग करते हैं कि यूनियन की मांगों को जल्द पूरा किया जाए। दूसरी तरफ हड़ताल की सूचना पर लोग अब बहुत ही कम संख्या में पहुंच रहे हैं। फिलहाल हड़ताल के कारण जमीन पैमाइश, भूमि रिकॉर्डर, रजिस्ट्री, फसलों का सत्यापन, डोमिसाइल, जाति, रिहायशी प्रमाण पत्र से संबंधित काम नहीं हो रहे हैं। प्रमाण पत्र बनने से पहले पटवारियों के हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। जिले के सभी 67 पटवारी और 16 कानूनगो हड़ताल पर हैं। इससे रोजाना करीब 2 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। पटवारियों की हड़ताल की वजह से रोजाना 150 के आसपास रजिस्ट्री प्रभावित हो रही है। जिला प्रधान बलजीत यादव व जिला सचिव रणबीर यादव ने अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का समर्थन के लिए धन्यवाद किया।