रेवाड़ी। रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रूट पर बस स्टाप पर पर्याप्त शेल्टर नहीं होने से यात्रियों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।करीब 65 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर प्रतिदिन 10 हजार से अधिक यात्री बसों से सफर करते हैं लेकिन 20 बस स्टाप में से केवल छह स्थानों पर ही बस क्यू शेल्टर उपलब्ध हैं।
इसकी वजह से यात्रियों को भीषण गर्मी, बारिश और कड़ाके की सर्दी के दौरान खुले आसमान के नीचे या फिर आसपास की दुकानों के टीनशेडों में खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। यात्रियों की सुविधाओं को लेकर न ही तो राज्य परिवहन के जिम्मेदार गंभीर हैं और न ही ग्राम पंचायतें अपने स्तर पर यह सुविधा देने को तैयार हैं।
इस मार्ग पर हरियाणा रोडवेज समेत निजी बसों की अच्छी आवाजाही रहती है। प्रतिदिन 25 से अधिक बसें इस रूट पर 100 से ज्यादा फेरे लगाती हैं। इस मार्ग पर प्रत्येक आठ मिनट में बस सर्विस है। इसके बावजूद अधिकांश बस स्टॉप पर यात्रियों के बैठने या मौसम से बचाव के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है।
सुबह और शाम के समय बस स्टॉप पर यात्रियों की संख्या अधिक होने से परेशानी और बढ़ जाती है। सबसे अधिक दिक्कत नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को होती है।
गर्मियों में तेज धूप के कारण यात्रियों को लंबे समय तक खुले में खड़ा रहना पड़ता है, जबकि बरसात के दौरान भीगते हुए बस का इंतजार करना उनकी मजबूरी बन जाता है। वहीं सर्दियों में कोहरे और ठंडी हवाओं के बीच बिना किसी शेल्टर के बस की प्रतीक्षा करना मुश्किल हो जाता है।
दो जिलों के 200 से अधिक गांवों के लोग इसी रूट से करते हैं सफर
रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ के करीब 200 गांवों के लोगों को इसी मार्ग से सफर करना पड़ता है। मार्ग पर वर्षों से यात्री संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन बस स्टॉप पर सुविधाओं का विस्तार नहीं हो पाया है। कई बस स्टॉप पर केवल नाममात्र का बोर्ड लगा है, जबकि बैठने की व्यवस्था तक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीहा निवासी पवन कुमार, बुड़ोली निवासी विवेक, सहारनवास निवासी प्रदीप ने बताया कि सरकार सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की बात करती है। बस स्टाप जैसी बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। यदि सभी प्रमुख बस स्टॉप पर बस क्यू शेल्टर बनाए जाएं तो यात्रियों को मौसम की मार से राहत मिलेगी और सफर भी अधिक सुविधाजनक होगा।
14 बस स्टॉप पर अभी तक बस क्यू शेल्टर नहीं
लोगों ने परिवहन विभाग और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि रेवाड़ी से महेंद्रगढ़ के बीच जिन 14 बस स्टॉप पर अभी तक बस क्यू शेल्टर नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर शेल्टर का निर्माण कराया जाए। प्रतिदिन हजारों यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यह केवल विकास का नहीं, बल्कि जनसुविधा और सुरक्षा का भी महत्वपूर्ण विषय है। कुछ स्थानों पर बने क्यू शेल्टरों को केवल बाइक पार्किंग के लिए प्रयोग किया जा रहा है।
दोनों जिलों के इन स्थानों पर हैं बस स्टाप
रेवाड़ी जिले के गांव सहारनवास, जाडरा, रोलियावास, भठेड़ा, औलांत, नांगल मूंदी, बुड़ौली, सीहा व डहीना तथा महेंद्रगढ़ जिले के गांव भड़फ, कनीना मोड़, उन्हाणी, गुढ़ा, कैमला, बुचावास, झगड़ोली, सीगड़ा, सीगड़ी, माजरा चुंगी व रिवासा पुल आदि 20 के करीब बस स्टॉप हैं। लेकिन इनमें से रेवाड़ी जिले के चार व महेंद्रगढ़ जिले के दो ही स्टॉप पर बस क्यू शेल्टर बने हैं। ऐसे में यात्रियों को सर्दी, गर्मी, धूप व बारिश से बचने के लिए आसपास की दुकानों व पेड़ों का सहारा है।
वर्जन:
राज्य परिवहन रेवाड़ी डिपो की ओर से गांव नांगल मूंदी के बस क्यू शेल्टर को स्वीकृति दी जा चुकी है। जल्द ही लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार किया जाएगा। सीहा व मसीत ग्राम पंचायतों को एनओसी दी जा चुकी है यहां भी जल्द ही बस क्यू शेल्टर तैयार कराए जाएंगे।-निरंजन शर्मा, महाप्रबंधक रोडवेज डिपो रेवाड़ी।