शहर के थानसिंह मार्केट में बृहस्पतिवार को एक निर्माणाधीन बेसमेंट की वजह से एक दुकान की दीवार गिर गई। गनीमत यह रही है कि वहां कार्यरत मजदूर बाल-बाल बच गए और उस वक्त एक दर्जन से भी अधिक मजदूर कार्य कर रहे थे।
मामले की सूचना मिलने के बाद नगर परिषद और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। नगर परिषद अधिकारियों ने व्यापारी के खिलाफ बगैर अनुमति के निर्माण करने की शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद थाना शहर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर के गुड़ बाजार स्थित थानसिंह मार्केट में पिछले एक माह से करीब दो दर्जन से अधिक दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। दुकानों के मालिक ने नगर परिषद से बिना नक्शा पास कराए ही निर्माण कार्य शुरू किया हुआ है। इन दुकानों के अंदर बेसमेंट की भी खुदाई की जा रही थी।
बृहस्पतिवार सुबह बेसमेंट की खुदाई के दौरान एक दुकान की दीवार गिर गई। हादसे के वक्त एक दर्जन से अधिक मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। दुकान का एक हिस्सा गिरने के बाद जोर का धमाका हुआ, जिसके बाद बड़ी संख्या में आसपास के दुकानदार मौके पर जमा हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व नगर परिषद के अधिकारियों को दी।
घटना की जानकारी पाकर पुलिस तो तुरंत ही मौके पर पहुंच गई, लेकिन नगर परिषद के अधिकारी घंटों बाद मौके पर पहुंचे। नागरिकों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे नगर परिषद के एमई अंकित वशिष्ठ ने मुआयना किया। नप अधिकारियों ने कहा कि इस निर्माण कार्य के लिए नगर परिषद से किसी भी तरह का नक्शा पास नहीं है।
उपायुक्त को दी शिकायत
इस मामले में दुकानदार विशाल चड्ढा ने उपायुक्त को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में दुकानदार ने बताया कि उसकी दुकान के परिसर में व्यापारी द्वारा बगैर अनुमति के बेसमेंट निर्माण का आरोप लगाया है। दुकानदार ने बताया कि इस कारण उसकी भी दुकान के गिरने का खतरा बना हुआ है और इसकी शिकायत नप अधिकारियों को करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अवैध रूप से किया जा रहा था निर्माण: एमई
नगर परिषद के एमई अंकित वशिष्ठ ने बाताया कि यह निर्माण कार्य पूरी तरह से नियमों को ताक पर रखकर और बिना नक्शा पास कराए किया जा रहा है। दुकान के मालिक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर थाने में शिकायत दी गई है।
शिकायत मिल चुकी है, कार्रवाई की जाएगी: एसएचओ
मौके पर पहुंचे सिटी थाना प्रभारी मित्रपाल ने बाताया कि नगर परिषद के अधिकारियों की तरफ से शिकायत मिल चुकी है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।