रेवाड़ी। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में सनसिटी निवासी पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ के शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीतने के बाद जिले के खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। खासतौर से पैरा खिलाड़ियों ने शर्मिला की इस सफलता को प्रेरक बताया है।
जिले के एथलीट खिलाड़ियों ने शर्मिला धनखड़ की इस उपलब्धि को जिले और प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है। खिलाड़ियों ने कहा कि शर्मिला ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
पैरा एथलीट खिलाड़ी लक्षित यादव ने बताया कि शर्मिला धनखड़ शुरू से ही मेहनती खिलाड़ी हैं। वह रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में उनके साथ ही अभ्यास करती थीं। उन्होंने कहा कि शर्मिला ने अपने खेल जीवन में काफी संघर्ष किया है और कई चुनौतियों का सामना करते हुए इस मुकाम तक पहुंची हैं।
लक्षित यादव ने कहा कि शर्मिला की सफलता उन सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शर्मिला की उपलब्धि साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
पैरा एथलीट खिलाड़ी प्रवीण कुमार ने कहा कि यह पूरे देश और प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि शर्मिला धनखड़ ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि शर्मिला ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
प्रवीण कुमार ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि शर्मिला आगे भी इसी तरह मेहनत करती रहेंगी और आने वाले अंतरराष्ट्रीय खेलों में भी देश के लिए पदक जीतेंगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को लगातार मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
पैरा एथलीट खिलाड़ी प्रवीण कुमार