रेवाड़ी। शहर के 200 बेड की क्षमता वाले नागरिक अस्पताल में 15 दिन में ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा। 500 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन बनाने की क्षमता वाले प्लांट का शुभारंभ शुक्रवार को कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व डीसी यशेंद्र सिंह ने किया। बता दें कि प्लांट का निर्माण सीएसआर स्कीम के तहत एक निजी कंपनी 85 लाख रुपये की लागत से करेगी।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि होलीस्टर कंपनी ने नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन जेनरेटर की स्थापना करके सराहनीय कार्य किया है। निश्चित रूप से नागरिक अस्पताल में इस प्लांट की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि होलीस्टर कंपनी की क्षमता और बढ़े ताकि सीएसआर के तहत जिले में इस प्रकार के जनहित के कार्य होते रहे। कोसली के नागरिक अस्पताल में भी हीरो मोटो कोर्प द्वारा ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा।
बावल में प्लांट लगाने के प्रयास
डीसी यशेंद्र सिंह ने कहा कि बावल व कोसली में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नागरिक अस्पताल कोसली के लिए हीरो मोटो कोर्प कंपनी तैयार हो गई है, बावल के लिए भी जल्दी ही विकल्प ढूंढा जाएगा। होलीस्टर कंपनी के प्लांट हेड संदीप चोपड़ा ने कहा कि उनकी मंशा है कि रेवाड़ी कम्यूनिटी के लिए ज्यादा से ज्यादा मदद की जाए, इसके लिए कंपनी ने सीएसआर भी 5-6 गुणा बढ़ा दिया है। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार, पीएमओ डॉ. सुशील माही, डॉ. सर्वजीत थापर, डॉ. लाल सिंह, नगर पार्षद भूपेन्द्र गुप्ता भी उपस्थित रहे।