फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: कटड़ी को बचाने दौड़ी मालकिन की करंट लगने से मौत

Fri, 27 Nov 2026 11:54 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
इब्राहिमपुर में घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़। संवाद
विज्ञापन
बावल। क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर में शुक्रवार की सुबह खेत में कीकर के पेड़ में दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर एक कटड़ी तड़पने लगी। यह देख उसके बचाने गई मालकिन प्रियंका (32) की करंट लगने से मौत हो गई। कटड़ी ने भी करंट लगने से दम तोड़ दिया।
विज्ञापन

गांव इब्राहिमपुर निवासी राजेश कुमार अपने परिवार के साथ खेत में रहते हैं। वह बावल स्थित एक निजी कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार को परिवार ने अपनी कटड़ी को खेत में कीकर के पेड़ के नीचे बांध रखी थी। इसी दौरान अचानक पेड़ में करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से कटड़ी की मौके पर ही मौत हो गई।
कटड़ी को तड़पता देखकर राजेश कुमार की प्रियंका उसे बचाने के लिए दौड़ी। उसे अंदाजा नहीं था कि कटड़ी करंट की चपेट में है। जैसे ही उसने कटड़ी को छुड़ाने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गई और बेसुध हो गई।
विज्ञापन

परिजन आनन-फानन में उसे रेवाड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।

बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद परिजनों ने बिजली निगम के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। राजेश समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि खेतों के बीच से गुजर रही बिजली की तार लंबे समय से ढीली हैं और पेड़ों को छू रहे हैं। इस समस्या के बारे में कई बार निगम अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन तारों को ठीक नहीं किया गया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद भी सूचना देने के बावजूद निगम का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में एक लाइनमैन घटनास्थल पर आया। ग्रामीणों ने ढीले तारों को दुरुस्त कराने और पेड़ों के संपर्क में आ रही बिजली लाइनों को ठीक करने की मांग की है।

बच्चों को बिलखता देखकर मौजूद ग्रामीणों की आंखें हुईं नम
प्रियंका की मौत ने परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। वह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई है। दोनों बच्चों को शायद अभी यह भी समझ नहीं आ रहा कि उनकी मां अब कभी लौटकर नहीं आएगी। मां को खोने के बाद दोनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों को बिलखता देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। कोई बच्चों को चुप कराने का प्रयास कर रहा था तो कोई खुद अपने आंसू नहीं रोक पा रहा था। कभी एक परिजन रोते हुए दूसरे को संभालता तो अगले ही पल खुद भावुक हो जाता। जिस आंगन में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मां को खोने का दर्द सुनाई दे रहा था।

वर्जन :
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।-सतीश, प्रभारी, थाना कसौला

इब्राहिमपुर में घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़। संवाद

इब्राहिमपुर में घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें