रेवाड़ी। नारनौल रोड से महेंद्रगढ़ और बेरली रोड को झज्जर रोड से जोड़ने के लिए लगभग सवा 300 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा आउटर बाईपास अंतिम दौर में पहुंच चुका है। जनवरी के अंत तक इसे यातायात के लिए शुरू किया जा सकता है। बाईपास के निर्माण का बजट जारी होने के बाद भी समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका।
प्रदेश सरकार की ओर से कुछ समय पूर्व 25 करोड़ रुपये के संशोधित बजट को मंजूरी प्रदान की गई थी, जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया गया है।
बाईपास पर महेंद्रगढ़ रोड तक के हिस्से को खोल दिया गया है, जिससे वाहन चालकों को रिंगस रेल लाइन पर जाम से छुटकारा मिल गया है। इस फ्लाईओवर का निर्माण होने पर रेवाड़ी से महेंद्रगढ़ और बेरली की ओर आवागमन करने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक इन दोनों मार्गों पर बार-बार रेलवे फाटक बंद होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दोनों फाटक एक साथ बंद होने के कारण वाहनों का लंबा जाम लगा रहता था। आउटर बाईपास के एक हिस्से को चालू करने के बाद महेंद्रगढ़ की ओर आवागमन करने वाले वाहन महेंद्रगढ़ रोड पर निकल जाते हैं, जिससे उन्हें फाटक पर जाम की समस्या से राहत मिली है। रिंगस व सादलपुर रेलवे लाइनों पर एक साथ बनने वाले फ्लाईओवर के लिए बेरली रोड के बाद महेंद्रगढ़ रोड पर मिट्टी परीक्षण का कार्य शुरू हो गया है। इसके लिए महेंद्रगढ़ रोड के एक हिस्से को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। आउटर बाईपास के पूरी तरह खुल जाने के बाद राव गोपालदेव चौक के पास भी यह कार्य शुरू होगा, जिससे महेंद्रगढ़ व बेरली रोड दोनों मार्ग फाटकों के पास बंद हो जाएंगे।
इस साल मार्च माह में मिली थी मंजूरी
दोनों रेलवे लाइनों पर एक साथ फ्लाईओवर का निर्माण कराने को इस साल मार्च माह में मंजूरी मिल गई थी। राव गोपालदेव चौक से रिंगस रेल मार्ग पर बनी फाटक तक सिंगल चार लेन फ्लाईओवर बनेगा, जो फाटक पार दो भागों में विभाजित हो जाएगा। फ्लाईओवर का एक हिस्सा महेंद्रगढ़ रोड को जोड़ेगा, जबकि दूसरा हिस्सा बेरली रोड पर बनी सादलपुर रेल लाइन को क्रॉस करेगा। यह फ्लाईओवर एलसी-3 व 59 के ऊपर बनेगा। इसके लिए सरकार की ओर से लगभग 70 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। टेंडर की प्रक्रिया अप्रैल माह में पूरी हो गई थी। इस फ्लाईओवर का निर्माण पीडब्ल्यूडी और एचएसआरडीसी संयुक्त रूप से कराएंगी। ओवरब्रिज का निर्माण कराने के लिए 700 दिन की समय सीमा निर्धारित की गई है
पहले बेरली रोड पर मिट्टी परीक्षण का होगा कार्य
ठेका लेने वाली कंपनी की ओर से करीब दो माह पूर्व बेरली रोड पर एलसी-59 के पास मिट्टी परीक्षण का कार्य शुरू किया गया था। इसके चलते बेरली रोड के एक हिस्से को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। अब महेंद्रगढ़ रोड पर यह कार्य शुरू किया गया है। महेंद्रगढ़ की ओर जाने वाले रोड के दाहिने हिस्से को श्री राधा कृष्ण मंदिर से बेरली रोड टी-प्वांट तक यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। दूसरी तरफ आउटर बाईपास शुरू होने के बाद राव गोपालदेव चौक से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद राव गोपालदेव चौक के आसपास मिट्टी परीक्षण का कार्य शुरू किया जाएगा।
-
वर्जन:
आउटर बाईपास का कार्य शुरू हो चुका है, लेकिन अधिक जानकारी के लिए एचएसआरडीसी के अधिकारियों से बात करें। वही जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे।
- आदित्य देशवाल, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी