धारूहेड़ा। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने ट्रक के परिचालक को बंधक बनाकर ट्रक व मोबाइल लूटने की वारदात में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जिला फरीदाबाद के नंगला इन्कलेव निवासी प्रेम के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि जिला भिवानी के गांव कैरू निवासी सतीश ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह 8 जुलाई 2019 की रात को अपने ट्रक को धारूहेड़ा में सोहना रोड पर शर्मा फर्नीचर के नजदीक खड़ा कर ट्रक में अपने हेल्पर नवनीश को छोड़कर किसी ट्रांसपोर्ट कंपनी में चला गया था। सुबह उसका हेल्पर नवनीश उसके पास आया और उसने बताया कि एक ईको गाड़ी में पांच लोग सवार होकर आए और उसे बंधक बनाकर ईको गाड़ी में डाल लिया। आरोपियों ने उसका मोबाइल व ट्रक की चाबी छीन ली और ट्रक को लेकर फरार हो गए। उसके बाद आरोपी उसे सोहना घाटी के पास हाथ पैर बांधकर डाल गए। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त चार आरोपी पवन, जोगिन्द्र, लेखराम व देवेन्द्र उर्फ भूरा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में लुटे हुए ट्रक को थाना कासगंज पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। जो इस मामले में सोमवार को पुलिस ने मामले में संलिप्त एक और आरोपी जिला फरीदाबाद के नंगला इन्कलेव निवासी प्रेम को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।