रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए जांच करती पुलिस टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। थाना जाटूसाना और रोहड़ाई क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से रहने वाले रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए बुधवार को सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस ने ईंट भट्ठों सहित विभिन्न स्थानों पर झुग्गी–झोपड़ियों, होटल, पोल्ट्री फार्म व अन्य संदिग्ध स्थानों पर रहने वालों की जांच की गई। पहचान पत्र भी जांचे। अभियान के तहत पुलिस ने बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित की तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि अनाधिकृत रूप से किसी को भी रहने की छूट नहीं है। पुलिस द्वारा बाहरी लोगों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है और आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में जो भी लोग बाहर से आकर रह रहे हैं उनकी पहचान सुनिश्चित होना आवश्यक है।
सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाए जा रहे हैं। सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अप्रवासी रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान करके उनको वापस भेजने की प्रक्रिया अमल में लाई जाए।