रेवाड़ी। शिक्षा विभाग के बुनियाद कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण ले रहे विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। हालांकि कोचिंग लेने वाले बच्चों की बुनियाद केंद्रों पर 60 प्रतिशत हाजिरी होना जरूरी है। इससे कम हाजिरी वाले विद्यार्थी को टैबलेट नहीं दिया जाएगा। रेवाड़ी जिले में संचालित बुनियाद केंद्रों में 129 बच्चे कोचिंग ले रहे हैं। शिक्षा विभाग की ओर से टैबलेट को लेकर जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर दिया गया है।
शिक्षा विभाग की तरफ से जारी किए गए आदेशों के अनुसार प्रथम चरण में बुनियाद केंद्र के ऐसे विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे, जिनकी उपस्थिति 60 फीसदी या उससे अधिक है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ पहले अपने स्तर पर विद्यार्थियों द्वारा दर्ज की गई उपस्थिति का पूरा आंकलन करेंगे और इसके बाद टैबलेट जारी किए जाएंगे। जिले में भाड़ावास गेट स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा कोसली स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। रेवाड़ी केंद्र पर 104 बच्चे तथा कोसली केंद्र पर 25 बच्चे कोचिंग ले रहे हैं। इसमें से 126 बच्चे नियमित रूप से कोचिंग ले रहे हैं।
31 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन
शिक्षा विभाग ने बुनियाद कार्यक्रम के सत्र 2023 में दाखिले को लेकर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर रखी है। आठवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी 31 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। पहले चरण की परीक्षा सात फरवरी को होगी और इसका परिणाम 14 फरवरी को जारी होगा। दूसरे चरण की परीक्षा 22 फरवरी को होगी और 27 फरवरी को परिणाम जारी होगा।
-
बुनियाद कार्यक्रम के तहत कोचिंग ले रहे बच्चों को टैबलेट का वितरण आरंभ कर दिया गया है। निदेशालय के आदेशानुसार बच्चों की हाजिरी की भी जांच की गई है।
-अशोक नामवाल, जिला गणित विशेषज्ञ