संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। निपुण हरियाणा मिशन के तहत प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसे 15 फरवरी तक पूरा करना होगा। इसके लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, खंड शिक्षा अधिकारी और खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा है।
बेहतर ई-कंटेंट के लिए अध्यापकों को दीक्षा एप पर ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। इससे उनको नया सीखने का मौका मिलेगा। इसमें जिलेभर के करीब 1250 अध्यापक भाग लेंगे। जिले में 398 प्राइमरी विद्यालय हैं। इन स्कूलों के अध्यापक प्रशिक्षण लेंगे। अध्यापकों को दीक्षा एप पर विषयवार पाठ्यक्रम सामग्री अपलोड कर दी गई है। विद्यालयों में अध्यापकों को दो चरणों में प्रशिक्षित किया जाएगा। एप के माध्यम से अध्यापकों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए ई-कंटेंट उपलब्ध करवाने को लेकर जानकारी दी जाएगाी।
शिक्षा निदेशालय की ओर से ई-लर्निंग को बढ़ावा देने पर लगातार कार्य किया जा रहा है। अब इसके लिए दीक्षा पोर्टल पर अध्यापकों और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए दीक्षा एप पर दो कोर्स जारी किए गए हैं। दीक्षा पोर्टल पर बेहतर और अधिक कंटेंट के लिए अध्यापकों को प्रशिक्षण देने का कार्य किया जाएगा। साथ ही अध्यापकों को यह भी बताया जा रहा है कि वह कैसे ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली को बेहतर बना सकते हैं।
वर्जन
शिक्षा निदेशालय की तरफ से ई-लर्निंग को बढ़ावा देने का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसके लिए दीक्षा पोर्टल पर बेहतर और अधिक कंटेंट के लिए अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभाग की ओर से दीक्षा एप पर दो कोर्स जारी किए गए हैं।-चरण सिंह, एफएलएन, जिला कोऑर्डिनेटर रेवाड़ी।