शहर स्थित महिला आईटीआई संस्थान। संवाद
रेवाड़ी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने इस बार दाखिला प्रक्रिया मई के बजाय जून के पहले सप्ताह से शुरू करने की तैयारी की है।
विभाग ने विद्यार्थियों को समय रहते जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी है क्योंकि इनके बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विभाग के निदेशक की ओर से जारी सूचना के अनुसार सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी रहेगी। सरकारी और निजी आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए आधार नंबर, चालू मोबाइल नंबर, सक्रिय ई-मेल आईडी और परिवार पहचान पत्र अनिवार्य किए गए हैं।
जिले के दोनों सरकारी आईटीआई संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों में 398 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं राजकीय महिला आईटीआई संस्थान में छात्राओं को विशेष सुविधाएं भी दी जा रही हैं। छात्रवृत्ति योजना के तहत सामान्य वर्ग की छात्राओं को 200 रुपये प्रतिमाह वजीफा, टूल किट और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
इसके अलावा हरियाणा निवासी उन छात्राओं को जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है, 200 रुपये बालिका प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।