काेसली। कोसली थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी रामगढ़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने ही टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से भाग गया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव दखौरा निवासी महिपत प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह अपने भाई करीब 45 वर्षीय महीपाल के साथ बाइक पर डहीना से अपने गांव दखौरा जा रहा था। बाइक महिपत चला रहा था। इसी दौरान गांव रामगढ़ खेड़ी के पास अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद महिपत उछलकर साइड में जा गिरा, जबकि उसका भाई महीपाल सड़क पर गिर गया।
महीपाल को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके भाई महिपत को मामूली चोट लगी। महिपत ने एबुलेंस को कॉल कर मदद मांगी और फिर अपने भाई को तुरंत कोसली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने महीपाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।