रेवाड़ी। शहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने व जाम रहित व सुरक्षित सड़क बनाए रखने के तहत वन-वे रूट प्लान आगामी आदेश तक जारी रहेगा। आमजन वन-वे रूट व यातायात व्यवस्था में सुधार से संबंधित सुझाव आरटीए विभाग की ई-मेल पर दे सकते हैं। उपायुक्त ने नप अधिकारियों को शहर के चौराहों पर सिगनल पोस्ट 10 दिन के अंदर लगाने व सर्कुलर रोड पर वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करने के भी निर्देश दिए हैं।
डीसी यशेंद्र सिंह व एसपी राजेश कुमार ने शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या के समाधान को लेकर शहर के प्रबुद्ध नागरिकों तथा संबंधित विभाग के अफसरों की एक बैठक ली। शहर के प्रबुद्ध लोगों ने वन-वे रूट व्यवस्था को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं व सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। डीसी ने कहा कि शहर को अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अधिकारी कार्रवाई करें। उन्होंने नप के लिए एक रिकवरी वैन की व्यवस्था करे ताकि जरूरत पड़ने पर इसका प्रयोग किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि राव अभय सिंह चौक पर जो बैरिकेडिंग कर सर्कल बनाया गया है। उसे घेराव को घटाकर कम किया जाए ताकि वाहन चालकों को परेशानी न आए। बैठक में एएसपी पूनम दलाल, एसडीएम रविन्द्र यादव, डीएसपी हंसराज व मोहम्मद जमाल, आरटीए गजेन्द्र सिंह, आरएसओ रमेश वशिष्ठ, रिपुदमन गुप्ता, अमित गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
‘दुर्घटना संभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में उठाए जा रहे कदम’
डीसी ने आरटीए को निर्देश दिए कि विभिन्न स्कूल बसों व निजी बसों के सुचारु संचालन के लिए उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें व्यवस्थित करें। ताकि लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी वाहन चालक अपने वाहन को नो पार्किंग जोन में खड़ा न करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना संभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
कोट
आमजन की सुरक्षा व जाम की स्थिति से निपटने के लिए सर्कुलर रोड पर धारा 144 के तहत प्रात: 7 बजे से लेकर रात 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से बंद रहेगा। आदेशों की अवहेलना करने वाले भारी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
-यशेंद्र सिंह, उपायुक्त (डीसी)
लोगों की ओर से बैठक में जो सुझाव रखे गए हैं, उन्हें आरटीए की मेल के माध्यम से उत्तर मिलेंगे। उन पर विचार-विमर्श करके आगामी निर्णय लिया जाएगा।
-राजेश कुमार, एसपी
प्रशासन के वन-वे सिस्टम को कैप्टन ने बताया फेल
रेवाड़ी। कांग्रेसी नेता व प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने रेवाड़ी शहर के सर्कुलर रोड पर लागू किए गए वन-वे सिस्टम को फेल बताया है। उन्होंने कहा कि नियम लागू करने से पहले जरूरी व्यवस्थाएं करनी चाहिए थी। वे शनिवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विधायक चिरंजीव राव की संस्तुति पर डी-प्लान में रेवाड़ी के लिए 60 लाख रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। सरकार से युवा निराश हैं। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। रेवाड़ी शहर में मल्टी लेवल पार्किंग जैसे काम हाथ में लेने चाहिए थे, मगर यहां पर विकास के मामले में भेदभाव हो रहा है। रेवाड़ी में न एम्स का निर्माण शुरू किया गया है और न ही कोई अन्य बड़ी परियोजना दी गई है।
कांग्रेस में जिला इकाई के गठन से जुड़े सवाल पर कैप्टन ने कहा कि युवा व महिला इकाइयों का गठन हो चुका है। जल्द ही बूथ स्तर तक जनरल बाडी भी गठित हो जाएगी। इस दौरान कैप्टन अजय सिंह यादव ने एक बार फिर अप्रत्यक्ष रूप से मनोहर सरकार की तारीफ कर गए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मनोहर सरकार तो उनकी सुनती तो है, मगर चिरंजीव कांग्रेस के विधायक हैं। इसलिए पूरी नहीं सुनती। दूसरे हलकों से कम पैसा रेवाड़ी को दिया जा रहा है। कैप्टन यादव ने जयपुर के निकट सड़क हादसे में जान गंवाने वाले राकेश भार्गव, उनकी पत्नी रंजना भार्गव व बहन बबीता की मृत्यु पर भी शोक व्यक्त किया।