रेवाड़ी। हिंदू स्कूल से परीक्षा देकर बाहर निकलते विद्यार्थी। संवाद
रेवाड़ी। बुधवार को हरियाणा बोर्ड की 12वीं की शारीरिक शिक्षा की परीक्षा शांतिपूर्ण हुई। जिले के 43 परीक्षा केंद्रों पर करीब एक हजार परीक्षार्थियों ने दोपहर 12:30 बजे से लेकर 3:30 बजे तक परीक्षा दी। सभी परीक्षा केंद्रों पर छात्र और छात्राओं को अलग-अलग कतार में खड़ाकर गहनता से चेकिंग के बाद कक्ष में प्रवेश दिया गया। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले ही पहुंच कर प्रवेश लेते नजर आए।
वहीं जिले में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन लगातार गश्त करती नजर आई। बोर्ड सुपरिटेंडेंट ने बताया कि जिले में अभी तक नकल का केस सामने नहीं आया है। बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए जिले में विशेष उड़नदस्तों का भी गठन किया गया है। शुक्रवार को हरियाणा बोर्ड की कक्षा 12वीं की अंग्रेजी कोर की परीक्षा आयोजित होगी।
12वीं कक्षा की परीक्षा दे रही कविता ने बताया कि बुधवार को उनका शारीरिक शिक्षा का पेपर था। प्रश्न पत्र थोड़ा कठिन था, लेकिन प्रश्नपत्र हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। परीक्षार्थी तान्या ने कहा कि पेपर काफी आसान था। पेपर देने के बाद वह काफी खुश हैं। अब बस परिणाम का इंतजार है।
वर्जन
बुधवार को 12वीं की शारीरिक शिक्षा की परीक्षा थी। 43 केंद्र पर करीब एक हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। अभी तक जिले में एक भी केस नकल का नहीं मिला है।- प्रदीप कुमार, बोर्ड सुपरिटेंडेंट