रेवाड़ी। शिक्षा निदेशालय की ओर से आयोजित सुपर-100 लेवल-1 का परिणाम जारी कर दिया गया है। परीक्षा में जिले के 78 विद्यार्थियों ने बाजी मारी है। इनमें 38 छात्र और 40 छात्राएं शामिल हैं। इन विद्यार्थियों के लिए लेवल-2 की परीक्षा नौ अप्रैल को आयोजित होगी। लेवल-एक परीक्षा में राज्य के 2029 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
रेवाड़ी खंड के 23 विद्यार्थी, खोल खंड के 24 विद्यार्थी, बावल खंड के 15 विद्यार्थी, नाहड़ खंड के दस विद्यार्थी व जाटूसाना खंड के 6 विद्यार्थी शामिल हैं। द्वितीय स्तर की परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को तीन दिनों के लिए विभाग की ओर से बुलाया जाएगा। इस दौरान उन्हें गणित और विज्ञान विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। आखिरी दिन परीक्षा का आयोजन होगा। प्रक्रिया के दौरान कक्षाओं के साथ विद्यार्थियों के व्यवहार पर भी शिक्षकों की नजर रहेगी। क्योंकि लेवल-2 परीक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की परीक्षा लेना ही नहीं, बल्कि उनके व्यवहार और शिक्षा के प्रति समर्पण को परखना भी है।
सुपर-100 योजना का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों में 11वीं और 12वीं कक्षा में अध्ययन कर रहे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा देना है। जैसे आईआईटी, मेडिकल प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग प्रदान करता है। शिक्षा विभाग की ओर से इस मिशन की शुरुआत की गई है। सुपर-100 योजना में पिछले साल जिले के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च स्तरीय पदों व कॉलेजों के लिए चयनित हुए हैं।
वर्जन
सुपर-100 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। 78 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण किया है। अब विद्यार्थी अगले स्तर की परीक्षा देंगे। इसके लिए उन्हें पहले 3 दिन ट्रेनिंग मिलेगी फिर परीक्षा होगी।-रीनू यादव, नोडल अधिकारी रेवाड़ी।