रेवाड़ी। साइबर ठगों ने मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर गांव रोझूवास निवासी एक व्यक्ति से एक लाख 12 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का पता लगने के बाद पीड़ित ने साउथ रेंज साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रोझूवास निवासी बलजीत सिंह ने बताया है कि उनके पास 16 जून को निखिल कुमार नाम के व्यक्ति का फोन आया था। निखिल ने बताया कि वह जीओ कंपनी से बोल रहा है। निखिल ने उन्हें मोबाइल टावर लगान की स्कीम के बारे में बताया और कुल खर्चा 50 हजार रुपये बताए थे। निखिल ने फार्म फीस के नाम पर उनसे 1750 रुपये जमा करा लिए। इसके बाद राजेश चौधरी नाम के व्यक्ति का 18 जून को फोन आया। राजेश ने बताया कि वह निखिल का बास बोल रहा है। उन्हें टावर की एनओसी के लिए 23 हजार 500 रुपये जमा कराने होंगे। बलजीत ने फोन पे के जरिये यह राशि जमा करा दी। इसके बार राजेश चौधरी ने पीटीएफ फीस के 19 हजार 800 रुपये टीडीएस फीस के तीस हजार रुपये तथा हरियाणा सरकार के टैक्स के नाम पर 37 हजार 500 रुपये जमा करा लिए। सभी खाते फोन-पे के जरिये एक्सिस बैंक में पंकज गुप्ता नाम के व्यक्ति के खाते में जमा हुए हैं। आरोपियों ने मोबाइल टावर लगाने के नाम पर उनसे एक लाख 12 हजार 550 रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस ने बलजीत की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।