संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। एंटी व्हीकल टास्क टीम ने बाइक चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की है। बरामद बाइक 6 दिन पहले गुरुग्राम के सदर थाना इलाके से चोरी हुई थी। आरोपी इस बाइक को रेवाड़ी में बेचने के लिए आया था। इस मामले में कई अन्य खुलासे हुए हैं।
एंटी व्हीकल टास्क स्टाफ के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष की टीम को मुखबिर से सूचना मिली की राजस्थान के अलवर जिले का निवासी एक युवक चोरी की बाइक लेकर रेवाड़ी पहुंचने वाला है। इसके बाद टीम ने अभय सिंह चौक के पास नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध युवक अभय सिंह चौक की तरफ आया तो पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा कर उसे कुछ दूर आगे ही गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ करने पर उसकी पहचान राजस्थान के जिला अलवर के थाना किशनगढ़ में पड़ने वाले खौजा का बास निवासी छिंदरपाल के रूप में हुई। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बाइक को लेकर कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच कराई तो पता चला कि ये बाइक गुरुग्राम के गांव इस्माइलपुर से चोरी हुई थी जिसका मुकदमा गुरुग्राम में दर्ज है। पुलिस ने आरोपी छिंदरपाल से पूछताछ की तो उसने बताया कि ये बाइक उसके दोस्त राजस्थान निवासी सुनील कुमार उर्फ सेठी ने चोरी की थी। सेठी से बाइक खरीदने के बाद वह रेवाड़ी में इसे बेचने आया था। पुलिस ने सुनील से मिली जानकारी के बाद उसके दोस्त सेठी की भी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने अन्य वारदातों का भी खुलासा किया है।