रेवाड़ी। शहर के एक व्यापारी से गुजरात की एक कंपनी ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेजने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित को न अपनी राशि वापस नहीं मिली और न ही आक्सीजन कंसंट्रेटर आए। पीड़ित ने मंगलवार को पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में शहर के मोहल्ला बल्लूवाड़ा निवासी अंकित लोहिया ने बताया है कि उन्होंने दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित बनीपुर चौक पर अपना कार्यालय खोला हुआ है। उन्होंने अहमदाबाद की कंपनी अटाम दास सर्विस से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के लिए डील की थी और तीन लाख 30 हजार रुपये कीमत तय हुई थी। उन्होंने आठ मई को कंपनी के अकाउंट में डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। डेढ़ लाख रुपये भेजने के बाद कंपनी की तरफ से उन्हें न तो आक्सीजन कंसंट्रेटर भेजे गए और न ही उनका फोन उठा रहे हैं। आरोपियों द्वारा उनके रुपये भी नहीं लौटाए गए। अंकित की शिकायत पर कसौला थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।