कोसली। पुलिस ने 61.40 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नई दिल्ली के मुकुंदपुर जनता विहार हालआबाद मुकुंदपुर के समता विहार कॉलोनी निवासी विजय माथुर है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 2 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
3 फरवरी को गांव शहादत नगर निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि वर्ष 17 दिसंबर को वह अपने मोबाइल पर यूट्यूब देख रहे थे। इसी दौरान शेयर बाजार से संबंधित एक विज्ञापन आया।
विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। इसके बाद उनको दूसरे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार में रुपये निवेश करने और मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ग्रुप से मिली जानकारी के अनुसार उसने जनवरी 2026 में अपने बैंक खाते से अलग-अलग बैंक खातों में कई बार रुपये ट्रांसफर किए।
इसके बाद 27 जनवरी को उसे एक अन्य व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर आईपीओ में निवेश करने के लिए कहा गया। उसने झांसे में आकर वहां भी रुपये जमा करा दिए। आरोपियों ने अलग-अलग खातों में रकम जमा करवाकर उससे कुल 61 लाख 40 हजार रुपये की रकम ट्रांसफर करवा ली। जब उसने अपनी रकम वापस निकालने का प्रयास किया, तो उससे और अधिक पैसों की मांग की गई। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।