डहिना चौकी पुलिस ने वर्ष 2020 में फर्जी तरीके से क्रेडिट कार्ड बनवाकर खाते से पैसे निकालने तथा चेक का फर्जी तरीके से इस्तेमाल करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव सहड़ निवासी राकेश उर्फ मोनू के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक क्रेडिट कार्ड व एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। शिकायतकर्ता गांव जैनाबाद निवासी आशीष ने पुलिस ने शिकायत दी थी कि राकेश उर्फ मोनू, अजय कुमार उर्फ चीका, अनिल व संदीप ने मिलकर उसके हस्ताक्षर करके फर्जी तरीके से क्रेडिट कार्ड बनवाकर करीब 9 लाख रुपये निकाल लिए। उसके चेक का फर्जी तरीके से इस्तेमाल किया है। पुलिस ने मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी राकेश उर्फ मोनू को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से एक क्रेडिट कार्ड व एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।