रेवाड़ी। चौकी गोकल गेट पुलिस ने शहर के सरकारी अस्पताल से पुराने इन्वर्टर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव गोकलगढ़ निवासी महेंद्र उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। सरकारी अस्पताल रेवाड़ी के प्रधान चिकित्सा अधिकारी ने शिकायत में बताया था कि सरकारी अस्पताल में पुराना सामान कंडम घोषित करने के लिए रखा हुआ था। गत 30 अप्रैल को सुबह 3 बजे के करीब उनके सिक्योरिटी गार्डों ने देखा कि हवा सिंह सीवरमैन व महेंद्र पूर्व स्वीपर अस्पताल से पुराने इन्वर्टर चोरी करके ले गए हैं। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना शहर में चोरी का मामला दर्ज करके महेंद्र उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक पुराना इन्वर्टर भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।