रोहतक। महाराजा अग्रसेन सेवा सदन ट्रस्ट व महाराजा अग्रसेन विकास ट्रस्ट की ओर से रविवार को झज्जर रोड स्थित वैश्य गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल में बैठक हुई। अध्यक्षता ट्रस्ट के चेयरमैन राजेश जैन ने की। उन्होंने बताया कि 21 व 22 सितंबर को ट्रस्ट की ओर से अग्रसेन जयंती समारोह मनाया जाएगा।
21 सितंबर को 151 दंपती हवन-यज्ञ होगा। समारोह में अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
21 व 22 सितंबर को ये होंगे कार्यक्रम
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर 21 सितंबर को सुबह रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर व भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शाम को वैश्य महिला कॉलेज में 151 दंपती हवन-यज्ञ होगा। समारोह के दूसरे दिन 22 सितंबर को सुबह 9:30 बजे एक ईंट एक रुपया चौक पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद महाराजा अग्रसेन नगर में सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मान समारोह किया जाएगा। शाम 4:30 बजे महाराजा अग्रसेन मंदिर में महाआरती शाम 5:30 बजे वैश्य गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।