संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका बुजुर्गों सहित अन्य लाभपात्रों को पूरा लाभ मिल रहा है। सरकार की ओर से चलाई जा रही ऐसी ही एक योजना है वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना। डीसी अशोक कुमार गर्ग ने वीरवार को अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्रदेश के बुजुर्गों को सम्मान देने के लिए प्रदेशभर में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना लागू की गई है। प्रदेश सरकार की ओर से वर्तमान में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना के तहत बुजुर्गों को हर माह 2500 रुपए की राशि बैंकों तथा डाकघरों के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही है। जिला रेवाड़ी में 67 हजार 165 बुजुर्गों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है, जिनमें बीसी कैटेगरी के 31013, बीसीए के 166, बीसी-बी के 481, जरनल कैटेगरी के 27821, एससी कैटेगरी के 7682 तथा एसटी व टपरीवास जाति का एक-एक लाभपात्र शामिल है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में वर्तमान में बुजुर्गों को 2500 रुपए पेंशन दी जा रही है। आगामी एक अप्रैल, 2023 से बुजुर्गों को 2750 रुपये वृद्धावस्था सम्मान भत्ता मिलने लगेगा।