रेवाड़ी। शिक्षा विभाग ने नवंबर का मध्याह्न भोजन का मेन्यू जारी किया है। इसके तहत विद्यार्थियों को पारंपरिक भोजन के साथ पौष्टिक व्यंजन मध्याह्न भोजन में दिए जाएंगे। विभाग की ओर से प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन प्रति विद्यार्थी 6.78 रुपये और उच्च प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 10.17 रुपये की सामग्री लागत निर्धारित की गई है।
स्कूलों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। जिले में मिड-डे मील योजना के तहत कुल 638 केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से राजकीय विद्यालयों में पहली से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना है। मेन्यू में अलग-अलग खाद्य पदार्थों को शामिल करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को संतुलित आहार देना और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना है।
पहले सप्ताह से चौथे सप्ताह तक अलग-अलग व्यंजन होंगे शामिल : मेन्यू के अनुसार नवंबर माह में विद्यार्थियों को सप्ताह के हिसाब से अलग-अलग व्यंजन परोसे जाएंगे। पहले सप्ताह में सब्जी पुलाव व काला चना, रोटी व घीया चना दाल, राजमा-चावल, कढ़ी-पकौड़ा व चावल और गुड़ रोटी व दही दिया जाएगा। वहीं छोटी दिवाली पर विशेष मेन्यू रहेगा।
दूसरे सप्ताह में विद्यार्थियों को मीठा दलिया, चावल व सफेद चना, चना दाल खिचड़ी और मिर्ची परांठा व दही परोसा जाएगा। इसके बाद तीसरे सप्ताह में दाल-चावल, रोटी व मूंग-मसूर की दाल, मिर्ची रोटी व मौसमी सब्जी, मीठे मूंगफली चावल, नमकीन दलिया और गेहूं-रागी का चूरमा मेन्यू में शामिल हैं।
चौथे सप्ताह में सब्जी पुलाव व काला चना, राजमा-चावल, कढ़ी-पकौड़ा व चावल, गुड़ रोटी व दही और मिलेट परांठा व दही विद्यार्थियों को मिलेगा। महीने के अंतिम दिन सोया खिचड़ी परोसी जाएगी।
वर्जन
राजकीय कक्षा के 8वीं तक की पढ़ाई करने वाले छात्रों को दोपहर के समय स्कूल में मिलने वाले भोजन के मेन्यू की नई सूची जारी कर दी गई हैं। अब इसी मेन्यू के हिसाब से विद्यालयों में भोजन परोसा जाएगा।-अली अहमद, जिला इंचार्ज, मिड-डे मील