रेवाड़ी। भारत सरकार का राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का गांवों में सर्वेक्षण चल रहा है। इसका उद्देश्य चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों से सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की जानकारी एकत्र करना है। वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी जयभगवान ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
एनएसओ वर्ष 1950 से परिवारों और प्रतिष्ठानों से सामाजिक-आर्थिक आंकड़े जुटा रहा है। इन आंकड़ों का उपयोग केंद्र और राज्य सरकारों की विकास योजनाओं के निर्माण में होता है। यह नीतियों के प्रभाव का आकलन करने और देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति समझने में भी सहायक है। इस बार जिले में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) सहित कई सर्वेक्षण हो रहे हैं।
इनमें असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक शामिल हैं। अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण और प्रवासन संबंधी सर्वेक्षण भी किए जा रहे हैं। अकेड़ा, धारूहेड़ा, जोनियावास, गंगायाचा अहीर, गढ़ी कोसली, खेड़ी कोसली, सुलखा, पाल्हावास, खरखड़ा, निमोठ, गणपत नगर और झाबुआ सहित अन्य गांवों का चयन हुआ है।
जयभगवान ने बताया कि प्रशिक्षित अधिकारी सुरक्षित डिजिटल उपकरणों से जानकारी एकत्र करेंगे। सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होगा। किसी भी रिपोर्ट में परिवार या प्रतिष्ठान की पहचान उजागर नहीं होगी। उन्होंने विश्वसनीय आंकड़े तैयार करने के लिए सही एवं पूर्ण जानकारी देने की अपील की है।