संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों की प्रगति की रिपोर्ट अब अभिभावक घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने अभिभावकों के लिए पेरेंट्स एप बनाया है। अभिभावक एप को मोबाइल में डाउनलोड कर बच्चों की अध्ययन क्षमता और कुशलता की जानकारी ले सकेंगे।
इसी प्रकार अध्यापकों को भी बच्चों की क्षमता की जानकारी शिक्षक एप पर मिलेगी। इससे अभिभावकों और अध्यापकों को बच्चों की क्षमताओं का पता चलेगा और बच्चों पर ध्यान दे सकेेंगे। इससे फायदा यह होगा कि बच्चे को अक्षर की बनावट, मात्रा, बिंदी, वस्तुओं के नाम, उच्चारण इत्यादि में आने वाली दिक्कतों को दूर करने पर काम किया जा सकेगा। इससे शिक्षकों को भी पढ़ाने में आसानी होगी।
वर्तमान में बच्चों की प्रगति रिपोर्ट देने के लिए स्कूलों में अध्यापकों की अभिभावकों के साथ बैठक होती है। इसमें अध्यापक बच्चों की प्रगति के बारे में बताते हैं। अब अभिभावकों को घर बैठे ही बच्चों की प्रगति की ही नहीं, बल्कि उनके पढ़ने, शब्दों को समझने व अन्य चीजों की जानकारी एप पर मिल जाएगी। बच्चों की कमजोरी को दूर करने के लिए काम कर सकेंगे।
स्कूलों में कक्षाओं का किया जाएगा निरीक्षण
सरकारी विद्यालयों में बच्चों की क्षमता और अध्ययन कुशलता जांचने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके लिए निपुण कार्यक्रम के तहत स्कूलों में कक्षाओं का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान बच्चों से एप पर सवाल पूछे जाएंगे। इस निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार होगी। यह रिपोर्ट परफॉर्मेंस की होगी, जिससे अध्ययन में बच्चों की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। यह रिपोर्ट शिक्षक एप के माध्यम से शिक्षकों को दी जाएगी। साथ ही पेरेंट्स एप पर भी शेयर की जाएगी।
.
वर्जन :
पेरेंट्स एप की मदद से विद्यार्थियों की क्षमता में सुधार किया जाएगा। विद्यार्थियों की कमजोरियां दूर की जाएंगी। इससे शिक्षकों और अभिभावकों को बच्चे की कमजोरी को दूर करने में आसानी होगी।-चरण सिंह, एफएलएनएल अधिकारी रेवाड़ी।