रेवाड़ी। हरियाणा रोडवेज विभाग की ओर से रेवाड़ी बस डिपो को जल्द ही ई-टिकटिंग मशीनों की सौगात मिलने वाली है। डिपो को विभाग की ओर से अगले हफ्ते तक 130 के करीब ई-टिकटिंग मशीनें दी जाएंगी। इन मशीनों के मिल जाने के बाद एक तरफ जहां रोजवेज टिकटों की छपाई पर होने वाले लाखों रुपये के खर्चे की बचत होगी, वहीं दूसरी ओर यात्रियों व परिचालकों के लिए खुले पैसे होने की दिक्कत खत्म हो जाएगी। परिचालक यात्रियों को अब खुले पैसे न होने पर टॉफी देकर नहीं बहला सकेंगे।
रेवाड़ी रोडवेज बस डिपो में फिलहाल 175 परिचालक 127 बसों का संचालन कर रहे हैं। इन 175 परिचालकों में से करीब 40 प्रतिदिन छुट्टी पर रहते हैं। इसलिए रोडवेज विभाग की ओर से डिपो को 130 के करीब ई-टिकटिंग मशीनें एक हफ्ते के अंंतर्गत प्रदान की जाएंगी। इन मशीनों के मिल जाने से यात्रियों व परिचालकों दोनों को राहत मिलेगी। यात्री टिकट के लिए नकद के साथ डेबिट कार्ड या ई-वॉलेट के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे। इससे खुले पैसों से जुड़ी समस्या का समाधान होगा। अभी पैसे नहीं होने पर परिचालक यात्रियों को टॉफी देते हैं, अब नहीं दे पाएंगे।
यह होगा फायदा
ई-टिकटिंग मशीन मिलने के बाद परिचालकों को टिकटों पर पंचिंग से छुटकारा मिलेगा। मशीन से रूट के गांव का कोड नंबर दबाते ही सीधी टिकट प्रिंट होगी। इस टिकट पर समय और लोकेशन आएंगी, जिससे परिचालक भी फर्जीवाड़ा नहीं कर पाएंगे। कई बार परिचालक अपने किसी जान पहचान वाले को बस में बगैर टिकट बैठा लेते हैं और जब देखते हैं कि आगे कहीं रूट पर फ्लाइंग खड़ी है तो चेकिंग से पहले ही वह यात्री को टिकट बनाकर दे देते हैं। अगर ई-टिकटिंग मशीन होगी तो इसमें जिस समय टिकट कटेगी, उसका टाइम भी टिकट पर अंकित होगा। इससे फ्लाइंग टीम को पता चल सकेगा कि किस समय यात्री का टिकट कटा है।
स्कैन करते ही पास असली या नकली बताएगी मशीन
ई-टिकटिंग मशीनों के आने से यात्री फर्जी पास भी नहीं बनवा सकेंगे। अब रोजवेज के पास बस पास का भी पूरा रिकॉर्ड इस ई-टिकटिंग मशीन में दर्ज होगा। परिचालक इस मशीन से बस पास को एक बार स्कैन करेगा, जिसके बाद सारा का सारा रिकॉर्ड परिचालक के पास खुल जाएगा। बस का पास असली है या फिर नकली इसका एक मिनट के अंदर खुलासा हो जाएगा।
ई-टिकटिंग मशीन की चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे
ई-टिकटिंग मशीन की चार्जिंग के लिए विभाग की ओर से जल्द ही चार्जिंग प्वॉइंट बनाए जाएंगे। इन चार्जिंग प्वाइंट्स पर सभी परिचालक मशीन को फुल चार्ज कर सकेंगे।
वर्जन:
अगले सप्ताह तक रेवाड़ी रोडवेज डिपो के पास भी ई-टिकटिंग मशीनें आ जाएंगी। इनके आने से यात्रियों व परिचालकों को काफी हद तक राहत मिलेगी। अब यात्री नकद पैसों के साथ डेबिट कार्ड व ई-वॉलेट तथा अन्य माध्यमों से भी टिकट ले सकेंगे।
- रवीश हुड्डा, महाप्रबंधक बस डिपो रेवाड़ी।