संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार से संबद्ध बावल कृषि महाविद्यालय में दाखिले के लिए अब 9 जून तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। 13 मई से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया 31 मई तक चलने वाली थी लेकिन आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी गई है। इस बार नई शिक्षा नीति के तहत ही दाखिले की प्रक्रिया चल रही है।
बावल कृषि महाविद्यालय में 10वीं के बाद 6 वर्षीय बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर, 12वीं के बाद 4 वर्षीय बीएससी एग्रीकल्चर, एमएससी और पीएचडी में दाखिले के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। इनमें यूजी व पीजी पाठ्यक्रम में आवेदन की तिथि बढ़ाकर 9 जून की गई है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के दाखिले लिए जाएंगे। इन पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश परीक्षा जून होगी।
महाविद्यालय में 10वीं के बाद चल रहे 6 वर्षीय बीएससी एग्रीकल्चर ऑनर्स पाठ्यक्रम में 55, 12वीं के बाद 4 वर्षीय बीएससी एग्रीकल्चर में 25 सीटें हैं। दोनों की कक्षाएं चल रही हैं। कृषि महाविद्यालय में 6 विषयों में एमएससी की जा सकती हैं। इनमें सीड साइंस टेक्नोलॉजी, एप्रोनोमी, सोशल साइंस, फोरेस्ट्री, कीट विज्ञान प्लांट पैथॉलाजी शामिल हैं। इनमें कुल 15 सीट हैं।
इसी प्रकार एग्रोनोमी, कीट विज्ञान, प्लांट पैथोलॉजी, मृदा विज्ञान व फोरेस्ट्री में पीएचडी की जा सकती है। प्रत्येक में एक-एक सीट है।
वर्जन
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की वेबसाइट पर प्रवेश फार्म अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। जुलाई में ऑनलाइन काउंसिलिंग और सीट अलॉटमेंट का कार्य होगा।-डॉ. नरेश कुमार कौशिक, प्राचार्य, कृषि महाविद्यालय।