रेवाड़ी। जिले में एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल पर हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 16 विभागों को इस मामले में कार्रवाई करने के लिए नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा साबित हो रहे एकल उपयोग प्लास्टिक पर पूर्णतया रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। 16 से अधिक दुकानदारों के चालान किए गए हैं।
बीते सालों की कार्रवाई की बात करें तो नगर परिषद की ओर से जुलाई 2022 में 30 मार्च 2023 में 23, मई में 35 व जून में सबसे ज्यादा 33 चालान काटे गए थे। उसके बाद से अभियान सुस्त पड़ा हुआ है। नगर परिषद की और से जुलाई 2022 से जून 2023 तक एक साल में 178 चालान काटकर 3 लाख 32 हजार रुपये वसूले गए। जिसमें लगभग 56 किलोग्राम पॉलिथीन को जब्त किया गया था। इन चालान में 5 चालान 25-25 हजार, 1 चालान 20 हजार व 7 चालान 10-10 हजार के भी किए गए थे। हाल ही में नगर परिषद की तरफ से 16 से अधिक दुकानदारों के चालान किए गए और 13 हजार जुर्माना लगाया गया है।
एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरे देश में 1 जुलाई 2022 से लगी थी पाबंदी
शहर में कूड़े के ढेरों में भी भारी मात्रा में पॉलिथीन नजर आती हैं, जिन्हें जलाने से प्रदूषण को बढ़ावा मिलता है। केंद्र सरकार ने पर्यावरण प्रदूषण के खतरे को देखते हुए एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरे देश में 1 जुलाई 2022 से पाबंदी लगा दी थी। पॉलिथीन के इस्तेमाल को रोकने के लिए शुरुआती दौर में नगर परिषद से लेकर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड तक की टीमों ने एकल उपयोग पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों के चालान किए थे। कुछ दिनों के अंदर ही दुकानों से पॉलिथीन गायब होना शुरू हो गया था। था। समय के साथ अधिकारियों ने ढिलाई बरती, तो इनका इस्तेमाल एक बार फिर से शुरू हो गया है।
शुरू में झोंकी थी पूरी ताकत, बाद में सुस्त हुआ अभियान
बता दे कि जब सिंगल पॉलिथीन पर रोक लगी थी, उस वक्त प्रशासन ने कई गोदामों पर छापा मारते हुए कई क्विंटल पॉलिथीन, शादियों में यूज होने वाला डिस्पोजल सामान व थर्मोकोल से बने आइटम बरामद किए थे। एक बार बाजार से पॉलिथीन लगभग पूरी तरह गायब हो गई थीं और जूट बैग का इस्तेमाल शुरू हो गया था। बाद में अधिकारी सुस्त हो गऐ, तो धीरे-धीरे इनका इस्तेमाल भी बढ़ गया। इस समय बाजार में एकल उपयोग प्लास्टिक का जमकर इस्तेमाल हो रहा है। पॉलिथीन लगभग हर दुकानदार इस्तेमाल कर रहा है। बड़े दुकानदार नॉर्म्स के अनुसार ज्यादा माइक्रोन की पॉलिथीन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि छोटे दुकानदार व सब्जी विक्रेता कम माइक्रोन की बैन की गई पॉलिथीन का खुलकर इस्तेमाल कर रहे हैं।
इन अधिकारियों को भेजे गए नोटिस:
अतिरिक्त उपायुक्त, जिला नगरायुक्त, डीडीपीओ, एसडीएम, सीटीएम, ईओ नगर परिषद, सचिव, बावल नगर पालिका, सचिव नगर पालिका धारूहेड़ा, पब्लिक हेल्थ तहसीलदार बावल, सभी नायब तहसीलदार, मार्केट कमेटी, डीएफएससी, एएफएसओ, एचएसवीपी, डीटीपी, सभी ब्लॉक के बीडीपीओ।
बोर्ड की ओर से एकल उपयोग पॉलिथीन के इस्तेमाल को रोकने के लिए संबंधित विभागों को नोटिस जारी किया गया है। लोगों से अपील है कि जितना हो सके वह पॉलिथीन का इस्तेमाल न करें। खुद से भी जागरूक होना पड़ेगा।
-हरीश कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।