धारूहेड़ा/भिवाड़ी। तीन वर्ष से बंद नेशनल हाईवे-919 को अलवर बाईपास के पास यातायात के लिए खोल दिया गया है। इसके साथ ही पानी रोकने के लिए बनाई गई मिट्टी की दीवार गिरा दी गई है। इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा हुई है। जलभराव की समस्या दूर होने से लोगों को राहत मिली है।
एनएच-919 से भगत सिंह कॉलोनी की ओर आने वाले पानी को रोकने के लिए मिट्टी की दीवार बनाई गई थी। इस दीवार को अब हटा दिया गया है। इसे बीडा ऑफिस के पास एनएच-919 पर ही शिफ्ट कर दिया गया है।
इस बदलाव से वाहनों को अब लंबा चक्कर लगाकर धारूहेड़ा नहीं जाना पड़ेगा। वे भिवाड़ी मोड़ से मनसा चौक होते हुए सीधे अलवर बाईपास पर पहुंच सकते हैं और वहां से प्रशासन की ओर से बनाए गए रैंप को पार कर धारूहेड़ा में प्रवेश कर सकते हैं।
दीवार हटाने के बाद भिवाड़ी बाईपास पर भरा पानी सूख चुका है, जिससे छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन आसान हो गया है। आसपास लोगों को भले ही अस्थायी राहत मिली हो लेकिन जल निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग जोर पकड़ रही है।
-
हर रोज घंटों का लगाना पड़ता था चक्कर
स्थानीय नरेश कुमार ने बताया कि इस कदम से न केवल ट्रैफिक जाम से निजात मिली है बल्कि दैनिक जीवन में भी सुविधा बढ़ी है। कार चालक सुनील ने बताया कि पिछले तीन साल से यह मार्ग बंद था जिससे हमें हर रोज घंटों का चक्कर लगाना पड़ता था। अब राहत मिली है। मगर अभी सड़क मरम्मत की काफी जरूरत है। कई बार पानी जमा होने की वजह से हादसे भी हो चुके हैं। कुछ दुकानदार तो यहां से पलायन तक कर चुके थे।
-
सुंदरीकरण के चलते हो रहा समाधान
भिवाड़ी मोड़ के सुंदरीकरण कार्यों के चलते यह बदलाव हुआ है। पूर्व में जलनिकासी को लेकर कई घोषणाएं, चुनावी वादे, आंदोलनों की चेतावनी और उच्च स्तरीय बैठकों का दौर चला लेकिन कोई स्थाई हल नहीं निकला। पानी कम होने से एनएच-919 की असली स्थिति सामने आई है, जहां जगह-जगह फिसलन, गहरे गड्ढे और क्षतिग्रस्त सतह नजर आ रही है। इससे दोपहिया वाहनों के गिरने और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
-
पानी को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम चल रहा
राजस्थान प्रशासन की ओर से भिवाड़ी से आने वाले पानी को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम चल रहा है। वहीं, धारूहेड़ा प्रशासन की ओर से एनएच-919 पर बनाया गया करीब 3 फीट ऊंचा अवैध रैंप भी क्षतिग्रस्त किया जा चुका है, जिसमें गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहनों को एक ही लेन से गुजरना पड़ रहा है, जो यातायात को प्रभावित कर रहा है।
वर्जन
बाईपास के टी पॉइंट पर बनी मिट्टी की दीवार हटा दी गई है। अभी भिवाड़ी मोड़ पर सर्किल का कार्य चल रहा है। जल्द ही यहां पर सड़क दुरुस्त नजर आएगी।-बरकत खान, एक्सईएन, बीडा भिवाड़ी।