जानकारी देते विधायक डॉ. कृष्ण कुमार। संवाद
बावल। विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि नया कन्या महाविद्यालय भवन बनकर तैयार हो चुका है। जल्द ही उसे शिक्षा विभाग को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री से उद्घाटन करवाया जाएगा। उन्होंने कन्या महाविद्यालय का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।
विधायक ने रायपुर और बावल क्षेत्र में शोकग्रस्त परिवारों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने विद्युत निगम के भंडारे में भाग लिया। कन्या महाविद्यालय में व्यवस्था का जायजा लिया। पत्रकारों से बातचीत में डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि वर्तमान कन्या महाविद्यालय में छात्राओं के लिए भवन पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने बताया कि नया कन्या महाविद्यालय भवन बनकर तैयार हो चुका है और जल्द ही उसे शिक्षा विभाग को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री से उद्घाटन करवाकर नए सत्र से छात्राओं के लिए शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नए महाविद्यालय में कला संकाय के साथ-साथ मेडिकल और नॉन मेडिकल की कक्षाएं शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नए भवन में छात्राओं के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही राजस्थान सीमा तक की बेटियों को भी इस महाविद्यालय का लाभ मिलेगा। छात्राओं की सुविधा के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने की योजना भी बनाई जा रही है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रमेश झाबुआ, महामंत्री निहाल सिंह चौकन, घनश्याम बागड़ी, कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य नरेश यादव, डॉ. दिलीप कुमार और ममता गुप्ता मौजूद रहे।