संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के सभी खंडों में एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। इसके लिए सरकारी स्कूलों में पहले से आठवीं कक्षा तक की किताबें भेज दी गई हैं। दाखिला करने के साथ ही बच्चों को किताबें मुहैया करा दी जाएंगी।
जिले के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक करीब 40 हजार विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विभाग की तरफ से पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मुफ्त किताबें दी जाती हैं। शिक्षा विभाग ने सितंबर व दिसंबर में किताबों के लिए सभी जिलों के अधिकारियों से डिमांड मांगी थी। इसके अनुरूप ही विभाग की तरफ से एजेंसी के माध्यम से स्कूलों में किताबें पहुंचा दी गई हैं। स्कूलों में किताबें भेज दी गई हैं और पहली अप्रैल से दाखिला लेने के साथ ही बच्चों को किताबें मुहैया करा दी जाएंगी।
उधर, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान धर्मेंद्र का कहना है कि माॅडल संस्कृति स्कूलों में तीसरी कक्षा की किताबें नहीं पहुंची हैं। विभाग को व्यवस्था करके किताबें भिजवानी चाहिए ताकि सत्र की शुरुआत में ही सभी विद्यार्थियों को किताबें मिल जाएं।
वर्जन
विद्यालयों में किताबें पहुंच चुकी हैं। सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए जा चुके हैं। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। -कपिल पूनिया, डीईईओ रेवाड़ी।