रेवाड़ी। शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली चार वर्षीय बच्ची से मंगलवार दोपहर पड़ोसी ने नशे की हालत में दुष्कर्म किया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार को डीएसपी सुरेंद्र श्योराण और बाल आयोग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार बच्ची की हालत ठीक है। मामले में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से बिहार की रहने वाली बच्ची की मां ने शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ रेवाड़ी में किराये पर रहती हैं। उनके पड़ोस में मध्यप्रदेश के सागर जिले का गोपाल युवक भी किराये पर रहता है। युवक बावल स्थित एक कंपनी में काम करता है।
मंगलवार शाम महिला अपनी चार वर्षीय बच्ची को पड़ोसी युवक के पास छोड़कर दवाई लेने अस्पताल गई थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटी तो बच्ची आरोपी के कमरे में अचेत अवस्था में मिली। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त हालत में थे। आरोपी मौके से भाग चुका था।
महिला ने घटना की जानकारी अपने पति और आसपास के लोगों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की।
वर्जन
मामले में 25 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है और चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल ठीक है। मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सुरेंद्र श्योराण, डीएसपी