संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। राजकीय महाविद्यालय नाहड़ में मानसिक तनाव पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता राजकीय महाविद्यालय नाहड़ के प्राचार्य डॉ. सूर्यपाल ने की।
प्लेसमेंट सेल की प्रभारी प्रियंका कुमारी के तत्वाधान में कार्यक्रम करवाया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एडवोकेट रणजीत सिंह रहे। उन्होंने बताया कि तनाव की जड़ हमारा मन होता है। जब हम अत्यधिक सोच विचार करते हैं तो हमारे मन में बहुत सारे नकारात्मक विचार आते हैं। इसलिए हमें किसी भी विषय के बारे में ज्यादा नहीं विचार करना चाहिए एवं तनाव का दूसरा मुख्य कारण मानसिक दबाव है। अपने जीवन में कभी भी अधिक तनाव नहीं लेना चाहिए। क्योंकि हमें हमेशा यह उम्मीद रखनी चाहिए कि जिंदगी में और कुछ हो या ना हो तजुर्बा जरूर होगा। हमारे जीवन में मन, चित बुद्धि और अहंकार के बीच द्वंद्व चलता रहता है। हमें हमेशा अपनी बुद्धि से काम लेना चाहिए। अपने जीवन में सकारात्मक विचार रखने चाहिए। अंत में प्लेसमेंट प्रकोष्ठ प्रभारी प्रियंका कुमारी ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि हमें हमेशा आज में जीना चाहिए एवं अपने जिंदगी को तनाव से दूर रखने की कोशिश करनी चाहिए।