रेवाड़ी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश की पुनर्परीक्षा (नीट-यूजी) 21 जून को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित की जाएगी। इसको लेकर शनिवार को डीसी अभिषेक मीणा ने लघु सचिवालय में परीक्षा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर स्तर पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
बैठक से पहले इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी व राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों से परीक्षा के संचालन व तैयारियों को लेकर चर्चा की थी।
डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के साथ-साथ कंट्रोल रूम और आपातकालीन व्यवस्थाओं को सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
परीक्षा केंद्रों की तैयारी, केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के लिए दिशा निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल तथा बैठने की उचित व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाहों पर भी नजर रखी जाएगी। एसपी हेमेंद्र मीणा ने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इलेक्ट्रॉनिक और अन्य वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ज्योमेट्री बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, राइटिंग पैड, स्केल और इरेजर जैसी वस्तुएं भी ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा वॉलेट, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी या किसी भी प्रकार के धातु के आभूषण पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।