बावल। बावल कृषि महाविद्यालय व इंडियन नेशनल अकेडमी ऑफ साइंसिस के संयुक्त प्रयास से महाविद्यालय में एनसीआर क्षेत्रीय विज्ञान सप्ताह का आयोजन शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम के संरक्षक एवं प्राचार्य प्रो. नरेश कौशिक के मार्गदर्शन में 7 मई तक पूरे सप्ताह स्कूल व महाविद्यालय के छात्रों व किसानों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. शरणजीत धवन ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रथम दिन आर्यन मॉडल स्कूल के छात्र महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं एवं प्रदर्शनी का भ्रमण करेंगे एवं महाविद्यालय के वैज्ञानिकों के साथ कृषि क्षेत्र में करियर के अवसर विषय पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडल्स का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के तीसरे दिन विभिन्न किसानों को आमंत्रित कर उन्हें कृषि में उपयुक्त नई तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। इसी कड़ी में कृषि महाविद्यालय बावल के छात्रों को अगले दिन दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान का दौरा करवाया जाएगा। कृषि महाविद्यालय के प्रिंसिपल प्रोफेसर नरेश कौशिक ने बताया कि यह कार्यक्रम स्कूली छात्रों, किसानों व महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण व ज्ञानवर्धक अनुभव रहेगा। इस कार्यक्रम में सात स्कूलों के विद्यार्थियों के भाग लेने का अनुमान है।